नया बदायूं, संवाददाता।
दानवीर शिरोमणि, राष्ट्रभक्त एवं मेवाड़ के गौरव भामाशाह की जयंती के अवसर पर माहौर वैश्य युवा समिति, उझानी के तत्वावधान में रविवार को नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। इस आयोजन में उझानी सहित बदायूं, एटा और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में माहौर वैश्य, गुप्ता समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शोभायात्रा का शुभारंभ नवीन मंडी स्थल, उझानी से मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता एवं वैश्य गरिमा मंच के प्रदेश अध्यक्ष शिव स्वरूप गुप्ता ने फीता काटकर किया। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई निकली, जहां पूरे रास्ते भारत माता, महाराणा प्रताप और दानवीर भामाशाह जी के जयघोष गूंजते रहे। जगह-जगह पुष्पवर्षा, स्वागत द्वार और समाजबंधुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष हर्षवर्धन आर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष बदायूं राजीव गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष एटा प्रमोद गुप्ता मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की अनुपम मिसाल है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता तथा समाजसेवी सुधांशु गुप्ता ने कहा कि भामाशाह जयंती का उद्देश्य समाज को एकजुट करना, सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ना है। भामाशाह सेना के संस्थापक ध्रुव देव गुप्ता ने कहा कि अब समय आ गया है कि भामाशाह समाज राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाए तथा युवा नेतृत्व की भूमिका निभाएं। शोभायात्रा के दौरान सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण भी देखने को मिला। घंटाघर चौराहे पर ओमपाल सिंह एवं बॉबी ठाकुर के नेतृत्व में क्षत्रिय समाज ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया, जबकि कृष्ण कुमार शर्मा के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज ने भी भव्य स्वागत कर सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मनोज कृष्ण गुप्ता, डायरेक्टर उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड उत्तर प्रदेश ने अपने संबोधन में कहा कि दानवीर भामाशाह केवल वैश्य समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए त्याग, समर्पण, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा के अमर प्रतीक हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज संगठित, सशक्त और समृद्ध बन सकता है। पूरे आयोजन में अनुशासन, उत्साह और सामाजिक एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में माहौर वैश्य युवा समिति ने सभी अतिथियों, समाजबंधुओं, प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मीडिया एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए समाज की एकता, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया। मंच संचालन मनोज कृष्ण गुप्ता ने किया, जबकि अंत में संजीव गुप्ता, सुधांशु गुप्ता, बंटी गुप्ता और ध्रुव देव गुप्ता ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर समिति अध्यक्ष अभिषेक गुप्ता, नंदकिशोर गुप्ता एडवोकेट, अमित गुप्ता, अशोक गुप्ता, श्रवण गुप्ता, महेश चंद्र गुप्ता, विश्वनाथ मेहर, अर्पित गुप्ता, दिनेश गुप्ता, सुमित गुप्ता, भगवान स्वरूप गुप्ता, शिवशंकर गुप्ता, नरेंद्र गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, ऋषभ गुप्ता, बंटी गुप्ता, विक्रांत गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सुरेंद्र कुमार गुप्ता, रवि गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता सहित हजारों की संख्या में भामाशाह समाज के लोग उपस्थित रहे।
