नया बदायूं

बदायूं में रेत पर सजी आस्था की नगरी, भक्तिभाव से सराबोर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा

 

बदायूं संवाददाता।

 रुहेलखंड का सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा इन दिनों श्रद्धा, भक्ति और सनातन संस्कृति के रंगों में सराबोर नजर आ रहा है। गंगा किनारे रेत की सफेद चादर पर तंबुओं का विशाल शहर बस चुका है। दूर-दराज के जनपदों और प्रदेशों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। मेले में चारों ओर धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल दिखाई दे रहा है।

गंगा तट पर सुबह होते ही श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। हर-हर गंगे के जयकारों से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय हो रहा है। श्रद्धालु अपने निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, टेंपो, कारों, मोटरसाइकिलों और साइकिलों से मेला पहुंच रहे हैं। इस बार मेले का विस्तार पश्चिमी दिशा में भी काफी दूर तक हो गया है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अपने तंबू लगाए हैं।

देवोत्थान एकादशी का पर्व भी मेले में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सिंघाड़े, शकरकंद और गन्ने की जमकर खरीदारी हुई। गंगा तट पर श्रद्धालु दीपदान, पुष्प अर्पण और पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं लोककल्याण की कामना कर रहे हैं।

मेले में मीना बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। महिलाएं श्रृंगार और घरेलू सामान की खरीदारी कर रही हैं, वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, खिलौने, मौत का कुआं और जादू के खेल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मिठाइयों, जलेबी, पेठा, खजला और पूड़ी-सब्जी की दुकानों पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शाम होते ही रंगीन रोशनी से जगमगाता मेला किसी भव्य आस्था नगरी का दृश्य प्रस्तुत करता है। मेला का मुख्य प्रवेश द्वार भी तैयार किया जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मेले में पुलिस बल के साथ घुड़सवार पुलिस और पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं को भी सक्रिय रखा गया है।

वहीं शासन और प्रशासन की ओर से मेला परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई है। श्रद्धालुओं से मांस-मदिरा और पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने का आग्रह किया गया है। इसके साथ ही मेले में जुआ खेलने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरतने की तैयारी है।

कुल मिलाकर मिनी कुंभ मेला ककोड़ा धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और ग्रामीण लोक परंपराओं का अद्भुत संगम बन गया है। गंगा की रेती पर बसी यह अस्थायी नगरी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण और आध्यात्मिक अनुभूति का केंद्र बनी हुई है।

Exit mobile version