नया बदायूं, लखनऊ ब्योरो। संवाददाता
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद में लखनऊ-बरेली हाईवे पर मंगलवार देर रात करीब 11 बजे हाईवे पर बड़ा हादसा हो गया। मथुरा स्थित जय गुरुदेव आश्रम से सत्संग सुनकर लौट रहे तीर्थ यात्रियों से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में 57 यात्री सवार थे। हादसे में आठ लोग घायल हुए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए।
शीशा तोड़कर निकल गए यात्री
देर रात होने की वजह से अधिकांश यात्री सो रहे थे या झपकी में थे। अचानक तेज झटका लगते ही बस पलट गई और यात्री एक-दूसरे के ऊपर जा गिरे। सामान भी उनके ऊपर गिर गया, जिससे कई लोग अंदर ही दब गए। पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव शुरू किया, लेकिन बस में रास्ता बंद होने से परेशानी हुई। इसके बाद पुलिस ने बस का अगला शीशा तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
दर्जन भर लोग घायल, गंभीर
घायलों में हरपाल की 30 वर्षीय पत्नी विनीता, रिंकू सिंह की 30 वर्षीय पत्नी रेणु, सर्वेश सिंह की 14 वर्षीय पुत्री गोंडी, मानसिंह का 17 वर्षीय पुत्र टैंकर, प्रदीप की 40 वर्षीय पुत्री अंजू, बलराज की 65 वर्षीय पत्नी बिंदु देवी, और प्रदीप की 7 वर्षीय पुत्री रानी शामिल हैं। इनमें अंजू की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे अभी तक होश नहीं आया है।
सत्संग से आ रहे थे यात्री
बस में सवार यात्री चौखड़िया, रायपुर और भीरा थाना क्षेत्र (लखीमपुर खीरी) के रहने वाले हैं। वे 27 नवंबर को लखीमपुर से मथुरा पहुंचे थे और चार दिन सत्संग में शामिल होने के बाद 2 दिसंबर की दोपहर घर के लिए निकले थे। लौटते समय नगरिया मोड़ चौकी के सामने अचानक दिखे ब्रेकर पर चालक ने जोर से ब्रेक लगा दी, जिससे बस पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
अधिकारी मौके पर पहुंचे
ग्रामीण एसपी दीक्षा भंवरे और एआरटीओ सर्वेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दूसरी बस बुलाकर सभी यात्रियों को लखीमपुर के लिए रवाना किया गया। हाईवे से बस हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है।
