नया बदायूं, संवाददाता।
शहर के ब्रह्मपुर निवासी व्यापारी नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर को घेर का जान से मारने की धमकी दी गई है। व्यापारी नेता एवं प्रॉपर्टी डीलर ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर पीछा कर रास्ता रोकने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। प्रॉपर्टी डीलर एवं व्यापारी नेता ने कार्रवाई की मांग की है और अपनी जान को खतरा बताया है।
बदायूं शहर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुर निवासी अरुण कुमार गुप्ता ‘कक्कू’ ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि शुक्रवार को करीब 4:20 बजे वह अपनी स्कूटी से जा रहे थे। आरोप है कि मोहल्ला क़बूलपुरा निवासी मुशाहिद व अन्य साथियों ने अपने साथियों के साथ उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से भूमि संबंधी विवाद चल रहा है, जिसमें पुलिस और राजस्व विभाग की टीम द्वारा पहले कार्रवाई भी की जा चुकी है। इसी रंजिश के चलते आरोपित उनसे दुश्मनी मानता है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मुशाहिद का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिससे उन्हें और उनके परिवार को किसी गंभीर घटना का भय बना हुआ है। पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
कोतवाली पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Discussion about this post