उझानी, संवाददाता।Naya Badaun
कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष फरियाद अली ने उझानी स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से अपनी चुनावी दावेदारी भी पेश की। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें टिकट देता है और जनता का समर्थन मिलता है तो विधानसभा चुनाव 2027 में बिल्सी विधानसभा से चुनाव लड़कर जनता की सेवा करेंगे। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था सहित जनता के मुद्दों को उठाते हुए चुनाव लड़ेंगे और जनहित के मुद्दों को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
बुधवार को प्रेसवार्ता के दौरान फरियाद अली ने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों, मजदूरों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण आम जनता परेशान है, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य लगातार जारी रहेगा। फरियाद अली ने कहा कि कामगार कांग्रेस मजदूरों, किसानों, युवाओं, कर्मचारियों और कमजोर वर्गों के हितों के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। संगठन के विस्तार और आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याओं को सुनने तथा उनके समाधान के लिए संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।
बिल्सी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा
बिल्सी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अभी काफी सुधार की आवश्यकता है। जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस की जनहितकारी नीतियों को लेकर लोगों में सकारात्मक माहौल बन रहा है। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता की सेवा का अवसर मिलता है तो शिक्षा के क्षेत्र में विशेष कार्य किए जाएंगे। बेहतर विद्यालय, आधुनिक शैक्षिक सुविधाएं तथा युवाओं के लिए रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के गरीब, किसान, मजदूर और कर्मचारियों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया जाएगा। फरियाद अली ने कहा कि वह लंबे समय से सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय हैं तथा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व उनकी दावेदारी पर सकारात्मक विचार करेगा।

Discussion about this post