नया बदायूं, संवाददाता।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित संगठनात्मक बैठक एवं अभिनंदन कार्यक्रम में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा द्वारा पुनः प्रत्याशी घोषित किए जाने पर विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लो का कार्यकर्ताओं, शिक्षक प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों द्वारा स्वागत कार्यक्रम में एमएलसी एवं चुनाव संयोजक कुंवर महाराज सिंह, जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने शिक्षक बंधु एवं पार्टी कार्यकर्ता को संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राममूर्ति लाल, जिला उपाध्यक्ष एवं चुनाव सह-संयोजक प्रदीप चौधरी, जिला महामंत्री जोगेंद्र सिंह पटेल, भीमसेन सागर, नरेश गुप्ता सहित वरिष्ठ शिक्षकगण, शिक्षक प्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रविवार को डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व द्वारा पुनः प्रत्याशी बनाए जाने पर वह आभार व्यक्त करते हैं। यह सम्मान शिक्षक समाज के विश्वास, सहयोग और स्नेह का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल में शिक्षकों एवं शिक्षा जगत से जुड़े विभिन्न मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाया गया और आगे भी शिक्षक हितों की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा। उन्होंने कहा आगामी चुनाव शिक्षक सम्मान, शिक्षा के विकास और शिक्षकों की समस्याओं के समाधान का चुनाव है।
एमएलसी/चुनाव संयोजक कुंवर महाराज सिंह ने कहा भाजपा ने डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को पुनः प्रत्याशी बनाकर शिक्षक समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया है। डॉ. ढिल्लो ने अपने कार्यकाल में शिक्षक हितों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है, जिसके कारण शिक्षक समाज में उनके प्रति व्यापक विश्वास और समर्थन का वातावरण है। उन्होंने कहा भाजपा का संगठन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर शिक्षकों तक पार्टी की नीतियों एवं उपलब्धियों को पहुंचाएंगे। भाजपा की एकजुटता, कार्यकर्ताओं की मेहनत और शिक्षकों के समर्थन से भाजपा इस चुनाव में रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेगी।
जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को पुनः प्रत्याशी बनाया जाना उनके कार्यों, सक्रियता और शिक्षक समाज के बीच उनकी स्वीकार्यता का प्रमाण है। भाजपा सदैव शिक्षकों के सम्मान और शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है तथा डॉ. ढिल्लो ने सदन में शिक्षक समाज की समस्याओं को मजबूती के साथ उठाने का कार्य किया है।

Discussion about this post