नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश के बदायूं में झकझोर देने वाली घटना हुई है। यहां विवाहिता की हत्या कर दी गई और फिर उसका शव पड़ोसी के दरबाजे पर फेंक दिया। वहीं पति ने थाने पहुंचकर पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। जबकि मायके पक्ष ने पति और उनकी बेटी पर हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले में पति समेत पड़ोसी और बेटी से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
11 साल पहले हुई थी सीमा की भगवान सिंह से शादी
मामला बदायूं जनपद के सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव हसनपुर लोधा उर्फ हरी नगला का है। गांव हसनपुर लोधा उर्फ हरि नगला निवासी भगवान सिंह पुत्र ऋषिपाल सिंह पेशा से किसान है। उसकी शादी 11 साल पहले कादरचौक थाना क्षेत्र के पांडेय नगला गांव निवासी सीमा 28 वर्ष के साथ हुई थी। सीमा के पिता महेश ने बताया कि दामाद भगवान सिंह शराबी किस्म का है। वह अक्सर सीमा के साथ मारपीट करता था। मारपीट की वजह महज इतनी थी कि वो उसे शराब पीने को रोकती थी। इसी बीच सीमा ने चार बच्चों को भी जन्म दिया। इनमें एक बेटी और तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा 5 महीने का है।
रात के अंधेरे में पड़ोसी के दरबाजे पर फेंका शव
गांव हसनपुर लोधा उर्फ हरि नगला निवासी गुरुवार रात भगवान सिंह ने सीमा की लाठी डंडों से पीटकर हत्या कर दी। आरोप है कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर उसने सीमा का शव पड़ोसी हरिओम शर्मा के दरवाजे पर डाल दिया और थाने पहुंचकर हरिओम आदि पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस रात में ही एक्टिव हुई और शव कब्जे में लेने के साथ ही हरिओम के परिजनों और पति से पूछताछ शुरू कर दी। जबकि सुबह मायके वालों को सूचना दी। मायके वाले सहसवान पहुंचे तो पुलिस ने शव के पंचायतनामे की प्रक्रिया पूरी की और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
गला दबाकर की हुई है मौत
सीमा को शाम की आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। कुछ गुम चोटें भी मिली हैं। हालांकि विवाहिता को किस वजह से मारा गया, इसको लेकर पुलिस भी असमंजस में है। एसएचओ धनंजय सिंह ने बताया कि फिलहाल पति से पूछताछ चल रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post