नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं शहर के मदर एथीना स्कूल के मास मीडिया विभाग के विद्यार्थी-पत्रकारों ने समरकैंप के एक विशेष व्यावहारिक शिक्षण सत्र मास मीडिया के तहत जनपद की सीडीओ गामिनी सिंगला का एक विशेष साक्षात्कार लिया।
स्कूल में साक्षात्कार के दौरान विद्यार्थियों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने और एक कुशल अधिकारी के अनुभवों से सीखने का अनूठा अवसर मिला। विद्यार्थियों के विचारशील प्रश्नों का उत्तर देते हुए सीडीओ गामिनी सिंगला ने अपने जीवन, सिविल सेवा की यात्रा और अपनी कार्यशैली के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया के सीमित उपयोग और टाइम मैनेजमेंट को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। उन्होंने कहा, आज की युवा पीढ़ी में बदलाव लाने की अद्भुत क्षमता है। आप जो भी क्षेत्र चुनें चाहे वह मीडिया हो, प्रशासन हो या विज्ञान-पूरी ईमानदारी और समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ें। विद्यार्थियों ने न केवल उनके प्रशासनिक अनुभवों को समझा, बल्कि एक पेशेवर पत्रकार की तरह साक्षात्कार की बारीकियों (जैसे कैमरे का सामना करना, प्रश्न पूछने की कला और बॉडी लैंग्वेज) का भी व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।इस ऐतिहासिक उपलब्धि और विद्यार्थियों के बेहतरीन प्रयास पर मदर एथीना स्कूल की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने अपने संदेश में छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुझे अपने मास मीडिया के विद्यार्थी-पत्रकारों पर अत्यंत गर्व है, जिन्होंने इतने आत्मविश्वास के साथ जनपद की शीर्ष अधिकारी का साक्षात्कार लिया। हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों और अवसरों से रूबरू कराना है। सीडीओ गामिनी सिंगला जैसी प्रेरणादायी शख्सियत से बातचीत करने के बाद, मुझे पूरा विश्वास है कि हमारे विद्यार्थी जीवन में बड़े लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रेरित होंगे। विद्यालय गामिनी सिंगला जी का आभार व्यक्त करता है जिन्होंने हमारे बच्चों का मार्गदर्शन करने के लिए अपना बहुमूल्य समय निकाला।

Discussion about this post