नया बदायूं, संवाददाता।
भगवान भागीरथी की तपोस्थली कछला गंगा घाट का कायाकल्प होने वाला है। आज गुरुवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह और केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा जिले को कुल 2647.12 लाख के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें 565.62 लाख की लागत वाले पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 2081.50 लाख की नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
यूपी सरकार की ओर से पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिले के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों का कायाकल्प किया जा रहा है। लोकार्पण श्रेणी में वित्तीय वर्ष 2023-24 के तहत गंगा देवी मईया मंदिर के लिए 98.27 लाख, दुर्गा देवी भवन मंदिर के लिए 110.42 लाख, परी माता मंदिर के लिए 92.14 लाख की लागत से विकास कार्य जनता को समर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही, वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पूर्ण हुए पौराणिक तीर्थ स्थल सहस्रबाहू मंदिर, तपोसिद्ध बाबा की मढ़ी और श्री रामचन्द्र विराजमान मंदिर भी लोकार्पण होगा। बतादें कि विकास की इस कड़ी में कछला गंगा घाट का कायाकल्प सबसे प्रमुख है, जिसके पार्ट-ए के लिए 1792.18 लाख की भारी-भरकम राशि आवंटित की गई है। साथ ही बाबा देवादास मंदिर, बहादुर सिंह हनुमान बाबा आश्रम और माता मलाई देवी मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य जनपद में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित करना है। सरकार का मानना है कि इन कार्यों से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे बदायूं की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

Discussion about this post