नया बदायूं, संवाददाता।
उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर व्यवसायिक गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने पर व्यापारियों ने आक्रोश शुरू कर दिया है। जिलाध्यक्ष उद्योग मंच सर्वेश गुप्ता, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र गुप्ता एवं जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी के नेतृत्व में सभी व्यापारियों ने आंदोलन के लिए जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी के प्रतिष्ठान पर एकत्रित होकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन दिया है। व्यापार मंडल के आंदोलन की पुलिस को सूचना मिलने पर भारी फोर्स के साथ जिला महामंत्री के प्रतिष्ठान पर पहुंच कर व्यापार मंडल के कई पदाधिकारियों को कई घंटे नजरबंद किया। जिसके विरोध में व्यापारियों ने नारेबाजी की और पुलिस प्रशासन के समझाने पर पदाधिकारियों ने क्राइम इंस्पेक्टर सिविल लाइन कोतवाली सुपेंद्र मलिक को ज्ञापन दिया। यहां जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता, संजीव आहूजा, रूपेंद्र सिंह लांबा, महेश चंद्र गुप्ता, मनोज गुप्ता, अरुण गुप्ता, नरेंद्र यादव, सर्वत हमीद खान, जावेद खान, प्रमोद गुप्ता, राजू पंजाबी, जिन्ना सिंह, सलीम सैफी, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद असीम, संजय रस्तोगी, अतुल गुप्ता, राजेश गुप्ता मौजूद रहे।
सिलेंडर न मिलने से व्यापार प्रभावित
संगठन के प्रदेश मंत्री पवन जैन ने कहा कि व्यवसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता न होने के कारण कुटीर घरेलू मझौले उद्योग तथा होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग का व्यापार करने वाले, डेरी वाले तथा फेरी में ठेलों पर खाने पीने का सामान बेचने वाले व्यक्तियों का कारोबार बंदी के कगार पर होने से उनके सामने भारी आर्थिक संकट पैदा हो गया है।
एकदम बढ़ा दिये दाम
नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 1 मई 2026 से कमर्शियल गैस का रेट अचानक 2080 रुपये से 977 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़कर 3171 रुपये प्रति सिलेंडर कर दिया है जिससे काफी परेशानी हो रही है।
आवश्यकता अनुसार मिलें सिलेंडर
प्रदेश मंत्री अवधेश वर्मा ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडर की आवश्यकता अनुसार उपलब्धता कराये जाने के आदेश पारित करके कमर्शियल गैस सिलेंडर की बुकिंग घरेलू गैस सिलेंडर की भांति ऑनलाइन किये जाने की व्यवस्था करने के आदेश पारित किया जाए।
सिलेंडर के बढ़े दाम वापस हों
युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश लड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार गैस के वैकल्पिक संसाधनों की खोज के लिए लिए अनुसंधान कमेटी का गठन करे तथा महंगाई और कालाबाजारी को रोकने के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ाई गई दरें तुरंत वापस लेने को आवश्यक कदम उठाए जाने के लिए केंद्र सरकार को निर्देशित किया जाए।
मांग अनुसार मिलें सिलेंडर
जिला महामंत्री हाजी राशिद सैफी ने कहा कि विवाह शादी व फंक्शन के लिए मांग अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने पर आदेश पारित किए जाए तथा अस्पतालों व स्कूलों को उनकी आवश्यकता अनुसार कमर्शियल गैस उपलब्ध कराई जाए।
जीएसटी की दरें हों कम
प्रदेश मंत्री भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि गोदाम से गैस डिलीवरी लेने पर कंपनियों द्वारा एजेंसी को दिया गया भाड़ा कमर्शियल गैस सिलेंडर के बिलों में कम करने के आदेश पारित करने की कृपा करें जिसका लाभउपभोक्ता को मिल सके तथा महंगाई को रोकने के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर पर जीएसटी की दरें 18 फीसदी के स्थान पर 5 फीसदी की जाए।
एनजीटी के नियमों में मिले छूट
जिला अध्यक्ष उद्योग मंच सर्वेश गुप्ता ने कहा कि कमर्शियल गैस की कमी होने के कारण पुराने वैकल्पिक ईंधन को इस्तेमाल करने की अनुमति उद्योगों को दी जाए तथा इसके लिए पॉल्यूशन विभाग व एनजीटी के नियमों में 5 साल के लिए छूट प्रदान की जाए।

Discussion about this post