नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं जनपद में पहुंचकर सपा नेता, मुख्य सचेतक तथा आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव लोकसभा क्षेत्र बदायूं तथा संभल में आयोजित विभिन्न निजी तथा राजनीतिक कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए। इस दौरान राजू यादव,अतेंद्र पाल सिंह, मोहम्मद मियां, पूर्व विधायक मसर्रत अली उर्फ बिट्टन, सौरभ यादव के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए तथा बिल्सी में सैकड़ों लोगों के द्वारा सपा सांसद धर्मेंद्र यादव का शानदार स्वागत किया गया।
भाजपाई महिला आरक्षण बिल के नाम पर फैला रहे झूंठ
बदायूं के कार्यक्रम में पहुंचे सपा के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि वर्तमान समय में भाजपा के लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि महिला आरक्षण बिल विपक्ष में बैठे नेताओं की वजह से पास नहीं हुआ, जबकि सच्चाई यह है कि सितंबर 2023 में सर्वसम्मति से संसद में यह बिल पास हो चुका है। जिसमें सपा ने इस बिल को पास कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई थी, इस महिला आरक्षण बिल की आड़ में भाजपा सरकार परिसीमन बिल लागू करने का षड्यंत्र कर रही थी, जिसे सपा सहित पूरे विपक्ष ने फेल कर दिया। समाजवाद के जनक डॉ. राममनोहर लोहिया ने नर-नारी समानता की बात की थी, उसके बाद नेताजी मुलायम सिंह ने सर्वप्रथम महिलाओं के लिए शौचालय बनवाए तथा पंचायती राज व्यवस्था में सर्वप्रथम महिलाओं को आरक्षण दिलवाया। इसके बाद अखिलेश यादव ने सपा सरकार में 1090, कन्या विद्याधन, लैपटॉप, पढ़े बेटियां-बढ़े बेटियां जैसी ऐतिहासिक योजनाएं महिलाओं के कल्याण के लिए चलाईं। सपा के लोग सदैव प्रचार प्रसार में पीछे रह जाते हैं जबकि इसके विपरीत भाजपा के लोग झूठी प्रेस वार्ता करके अपना झूठ फैलाने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
गृहमंत्री बताएं कहां गए बंगलादेशी…
सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि एसआईआर के माध्यम से भाजपा सरकार ने यह भ्रम फैलाया कि देश में बांग्लादेशी घुसपैठिए हैं जिन्हें बाहर किया जाएगा। बिहार, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, देश के गृह मंत्री बताएं कि कितने बांग्लादेशियों को बाहर किया गया अथवा कितनों को शरणार्थियों के कैंप में भेजा गया और यदि बांग्लादेशी देश में पाए गए हैं तो नैतिकता के आधार पर गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए़।
2024 की तरह 2027 में करें संविधान की रक्षा
आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनावों में कहा था कि यह चुनाव संविधान बचाने के लिए लड़ा जा रहा है, जिसमें प्रदेश की जनता ने समाजवादियों का भरपूर साथ तथा समर्थन दिया। जिसके फलस्वरूप उत्तर प्रदेश में सपा कार्यकर्ताओं व आमजनता ने भाजपा को हराने का कार्य किया तथा सपा देश की तीसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी बनाया। आप सभी साथियों से अपील है कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनावों में सपा की सरकार बनाने में अपनी अहम भूमिका का निर्वहन करें जिससे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की रक्षा हो सके।

Discussion about this post