बरेली विशेष संवाददाता। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद बरेली का दौरा कर फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक स्व. डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री विशेष रूप से दिवंगत विधायक के आवास पर पहुँचे, जहाँ उन्होंने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस।
विधायक के आवास पर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के सदस्यों को सांत्वना देते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार और संगठन उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने डॉ. श्याम बिहारी लाल के पुत्रों और परिजनों को ढांढस बंधाया और उनके योगदान को याद किया।
जनता के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद किए गए
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल जी एक समर्पित जनसेवक और विद्वान व्यक्तित्व थे। फरीदपुर क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहते थे। उनका निधन भारतीय जनता पार्टी और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की ईश्वर से प्रार्थना।
मुख्यमंत्री ने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह भारी दुख सहने की शक्ति प्रदान करें। बरेली आगमन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ स्थानीय प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और पार्टी के अन्य दिग्गज नेता भी उपस्थित रहे, जिन्होंने दिवंगत विधायक को नमन किया। डॉ. श्याम बिहारी लाल की पहचान एक सौम्य और कर्मठ नेता के रूप में थी, जिनके निधन से पूरे जनपद में शोक की लहर है।

Discussion about this post