बदायूं संवाददाता।
शहर में लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। जिलाधिकारी अवनीश राय के निर्देश पर 30 नवंबर और 1 दिसंबर को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में नई यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत रोडवेज और निजी बसों के आवागमन के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। साथ ही प्रमुख चौराहों और मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
नई व्यवस्था के तहत बरेली, पीलीभीत और टनकपुर की ओर से आने वाली बसें नवादा चौराहा, पटेल चौक, एआरटीओ चौराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल, महाराणा प्रताप चौक और हाथी पार्क होते हुए रोडवेज बस स्टैंड पहुंचेंगी। मुरादाबाद, चंदौसी, बिसौली, आंवला और कुंवरगांव की बसों को भी निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से बस स्टैंड तक पहुंचाया जाएगा।
कासगंज, एटा, आगरा, मथुरा और अलीगढ़ की ओर से आने वाली रोडवेज बसें मेडिकल कॉलेज तिराहा, बिल्सी मोड़, लालपुल और हाथी पार्क होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। वहीं बहजोई, इस्लामनगर और बिल्सी की बसें एआरटीओ चौराहा व बिल्सी मोड़ से होकर आएंगी। शाहजहांपुर, दातागंज, फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं और ककराला की ओर से आने वाली बसों के लिए मंडी समिति चौराहा, रेलवे फ्लाईओवर, पुलिस लाइन चौराहा, एमटी गेट और वन विभाग रोड का मार्ग निर्धारित किया गया है।
बस स्टैंड से रवाना होने वाली बसों के लिए भी अलग मार्ग तय किए गए हैं। बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली, कासगंज, कादरचौक और इस्लामनगर की ओर जाने वाली बसें भामाशाह चौक, इंदिरा चौक, दातागंज तिराहा और नवादा चौराहा होकर जाएंगी। दातागंज और शाहजहांपुर की बसें मझिया मोड़ से होकर निकलेंगी, जबकि फर्रुखाबाद, उसहैत, म्याऊं और ककराला की बसों को मंडी समिति तिराहा होते हुए रवाना किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लालपुल तिराहा, जालंधरी सराय, महाराणा प्रताप चौक, हाथी पार्क, रोडवेज चौराहा, भामाशाह चौक, मंडी समिति चौक, दातागंज तिराहा, जफा की कोठी, पुरानी चौकी और नवादा सहित प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा मंडी समिति-मझिया रोड पर डीपीएस मार्ग, मझिया मोड़ और पटेल चौक पर बैरियर लगाए जाएंगे।
प्रशासन इस दो दिवसीय पायलट प्रोजेक्ट के दौरान यातायात व्यवस्था का आकलन करेगा। इसके आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके। पुलिस-प्रशासन ने वाहन चालकों और आमजन से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Discussion about this post