नया बदायूं। नेशनल ब्यूरो
हरियाणा के हिसार में तोशाम रोड स्थित गांव भोजराज के पास शनिवार को सैन्य प्रशिक्षण के दौरान बड़ा हादसा हो गया। 32 टैंकों के साथ चल रहे युद्धाभ्यास में टैंक की चपेट में आने से बदायूं के गांव आमगांव निवासी नायक अंकुश पटेल (35) और शामली के गांव भाजू निवासी लांस नायक मनीष कुमार (27) शहीद हो गए।
प्रशिक्षण के दौरान धूल उड़ने से टैंक चालक को आगे तैनात दोनों जवान दिखाई नहीं दिए और टैंक उनके ऊपर से गुजर गया। गंभीर हालत में दोनों को सेना के अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
नायक अंकुश पटेल वर्ष 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी, 12 वर्षीय बेटी नंदनी और छह वर्षीय बेटा हर्ष हैं। छोटे भाई विनित पटेल के मुताबिक अंकुश करीब दो माह पहले एक दिन के लिए गांव आए थे।
वहीं लांस नायक मनीष कुमार सात साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। करीब डेढ़ साल पहले उनकी शादी हुई थी। रविवार को दोनों जवानों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद सैनिक छावनी में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। हादसे की सूचना से दोनों परिवारों में शोक की लहर है। सदर थाना पुलिस ने परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।

Discussion about this post