बदायूं संवाददाता।
आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं भैया दूज के त्योहारों के मद्देनजर जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को सहसवान नगर के मुख्य बाजारों, सर्राफा बाजार, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान अधिकारियों ने कानून एवं शांति व्यवस्था का जायजा लेते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने का संदेश दिया।

अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को प्रतिदिन कस्बे में फुट पेट्रोलिंग करने और सुरक्षा व्यवस्था में सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रमुख चौराहों और मार्गों पर यातायात पुलिस के साथ थाना पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा दीपावली पर लगने वाले पटाखा बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर अग्निशमन विभाग को सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने रात्रि गश्त और थाना मोबाइल को लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और लोग त्योहार शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मना सकें।

इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सहसवान शौर्य अरोड़ा, क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Discussion about this post