बदायूं, संवाददाता।
दातागंज क्षेत्र के ब्लूमिंग डेल स्कूल के कक्षा 12 के छात्र अभय शर्मा ने प्रदेश स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का गौरव बढ़ाया। लखनऊ के चौक स्टेडियम में 9, 10 और 11 अक्टूबर को आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में अभय ने बदायूं की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अभय को ताइक्वांडो के फादर डॉ. जिम्मी राय और जगत्यानी ने संयुक्त रूप से स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य अनुपम प्रकाश वैश्य ने बताया कि अभय दातागंज के निकटवर्ती गांव बिहारीपुर के पूर्व स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राम बहादुर शर्मा के पौत्र हैं। वह कॉमर्स विभाग के मेधावी छात्र होने के साथ अच्छे खिलाड़ी भी हैं। उनकी उपलब्धि विद्यालय और जिले के लिए गर्व की बात है।
स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय पहुंचे अभय का निदेशक ज्योति मेंहदीरत्ता, अध्यक्षा पम्मी मेंहदीरत्ता, मुख्य व्यवस्थापक ईशान मेंहदीरत्ता और श्वेता मेंहदीरत्ता ने स्वागत करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विभाग प्रमुख दुर्गेश झा, कीर्ति शर्मा, मीनाक्षी यादव सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अभय की उपलब्धि पर खुशी जताई।

Discussion about this post