नया बदायूं, संवाददाता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बदायूं में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन का आयोजन किया जाएगा। जिले की छहों विधानसभाओं में करीब 11-11 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस तरह लगभग 66 स्थानों पर कलाकार रंगमंच के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंग प्रस्तुत करेंगे।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को संवाद, अभिनय, संगीत और मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने और इसके बाद देश की सेवा तक की यात्रा के विभिन्न प्रसंगों को नाट्य रूपांतरण के जरिए दर्शकों के सामने रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि नाट्य प्रस्तुति में सेवा, सुशासन, अंत्योदय, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता दी जाएगी। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचे कार्यों को भी मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रमों को शहरों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े प्रसंगों को देख सकें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की खासियत यह है कि इस यात्रा को केवल भाषणों के माध्यम से नहीं, बल्कि कहानी, संवाद, अभिनय, संगीत और रंगमंच के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कला के माध्यम से जनसंवाद की पहल है। इसके जरिए सेवा, सुशासन, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को सरल एवं प्रभावी तरीके से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी की भी तैयारी की जा रही है।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष उदयवीर दिवाकर, जिला कोषाध्यक्ष अनुभव उपाध्याय, जिला सह-कार्यालय मंत्री जितेंद्र साहू आदि मौजूद रहे।

Discussion about this post