नया बदायूं संवाददाता।
राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं के एनाटॉमी विभाग में बुधवार को बाबा कॉलोनी निवासी सरोज (33) पत्नी गौरव सिंह ने मृत्यु के बाद देहदान करने का संकल्प लिया। उन्होंने स्वेच्छा से देहदान का संकल्प पत्र भरकर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने की इच्छा जताई।
एनाटॉमी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मुक्तियाज हुसैन एवं लैब टेक्नीशियन/बॉडी इंजेक्टर प्रमोद कुमार ने उनका पंजीकरण कराया। इस दौरान उन्हें देहदान की प्रक्रिया और इसके महत्व की जानकारी दी गई।
विभागाध्यक्ष डॉ. मुक्तियाज हुसैन ने सरोज को देहदान संकल्प का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया और उनके निर्णय की सराहना की। सरोज ने बताया कि उन्होंने स्वयं की प्रेरणा से मृत्यु के उपरांत देहदान करने का संकल्प लिया है।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार एवं उप-प्रधानाचार्या डॉ. नेहा सिंह ने भी उनके इस निर्णय की प्रशंसा करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।
इस अवसर पर एनाटॉमी विभाग के डॉ. ऋषभ सिंह, डॉ. अर्जित आर्य, डॉ. इतिशा चौधरी, सत्वीर सिंह, टिंकू कश्यप, रूबी गुप्ता, राकेश पाल और अशोक कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post