नया बदायूं संवाददाता। राज्य ब्यूरो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इस दौरान निगम के लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बदायूं डायट स्थित ऑडिटोरियम में किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अतिथियों का स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के करीब साढ़े तीन लाख आउटसोर्स कार्मिकों को समय से पारिश्रमिक उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच पारिश्रमिक सीधे कार्मिकों के बैंक खातों में भेजा जाएगा। ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान भी नियमित रूप से जमा किया जाएगा। आउटसोर्स एजेंसी को दिया जाने वाला सेवा शुल्क सरकार वहन करेगी, जिससे कार्मिकों के पारिश्रमिक में अनावश्यक कटौती पर रोक लगेगी।
उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों की सेवा सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी। कोई एजेंसी अब मनमाने ढंग से किसी कार्मिक को सेवा से नहीं हटा सकेगी। सेवा समाप्ति से पहले संबंधित मामला सरकार के समक्ष रखा जाएगा और जांच के बाद ही कार्रवाई होगी।

दुर्घटना में 50 लाख तक बीमा कवर
मुख्यमंत्री ने कार्मिकों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक सुरक्षा की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। दुर्घटना की स्थिति में परिवार को 20 से 50 लाख रुपये तक का बीमा कवर, अग्निकांड की स्थिति में 10 लाख रुपये, आकस्मिक दवा के लिए पांच लाख रुपये और एयर एंबुलेंस के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता का प्रावधान बताया गया। परिवार के सदस्यों की शिक्षा समेत अन्य आवश्यकताओं के लिए भी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
श्रमिकों के लाभ की जाएगी निगरानी
डिजिटल व्यवस्था के जरिए भर्ती, तैनाती, उपस्थिति, पारिश्रमिक, ग्रेच्युटी, बीमा और अन्य सेवा लाभों की ऑनलाइन निगरानी की जाएगी। कार्मिक अपने सेवा विवरण, भुगतान और कटौती की जानकारी ऑनलाइन देख सकेंगे तथा शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे।
सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि आउटसोर्स कार्मिकों के हित में की गई घोषणाओं से लाखों कर्मचारियों को राहत मिलेगी। बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि विभिन्न सरकारी विभागों की व्यवस्थाओं में आउटसोर्स कार्मिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए सामाजिक सुरक्षा की यह व्यवस्था उनके परिवारों के लिए भी उपयोगी होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि आउटसोर्स सेवा निगम की स्थापना से कार्मिकों में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत होगी।
कार्यक्रम के बाद DM अवनीश राय ने जनप्रतिनिधियों, CDO गामिनी सिंगला, अपर DM प्रशासन अरुण कुमार सहित उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान नमस्ते योजना के तहत स्वेच्छाग्रहियों को किट, श्रमिकों को कन्या विवाह सहायता योजना के तहत 65 हजार रुपये के चेक तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना के तहत 25 हजार रुपये की एफडी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला कोषाध्यक्ष सलोनी शुचि पाठक, जिला विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिह मौजूद रहे।

Discussion about this post