नया बदायूं, संवाददता।
सावन माह एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को एडीएम-ई अरुण कुमार एवं एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट और कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और घाट पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कछला गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, घाट की सुरक्षा समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और घाट तथा कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ एवं सतर्क रखी जाए।
यातायात और रूट डायवर्जन की समीक्षा
कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने रूट डायवर्जन, पार्किंग, बैरियर, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
यातायात व्यवस्था का हो पालन
निर्देश दिए गए कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का कड़ाई से पालन कराया जाए। बाईपास की ओर नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोरों साइड में DJ वाहनों के लिए अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
घाट की ओर जाने से रोकें
प्रभारी निरीक्षक उझानी और यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि किसी भी वाहन को अनधिकृत रूप से पुल या घाट की ओर न जाने दिया जाए और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित कराया जाए।
संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई सतर्कता
एसपी सिटी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और कछला गंगा घाट पर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मी अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा श्रद्धालुओं की सहायता और सुविधा को प्राथमिकता दें।
आपात स्थिति से निपटने को तैयार
अधिकारियों ने आपात स्थिति से निपटने, भीड़ नियंत्रण और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने को कहा गया।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक यातायात मनोज कुमार, ईओ नगरपालिका, चौकी प्रभारी कछला समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Discussion about this post