नया बदायूं, संवाददाता।
शहर के मढ़ई चौक स्थित चाहमीर मोहल्ले के प्राचीन लिंगेश्वर नाथ महादेव मंदिर में सावन माह के द्वितीय सोमवार, प्रदोष एवं शिवतेरस के पावन अवसर पर भगवान शिव का फलों और फूलों से भव्य-दिव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की आरती उतारी गई तथा फल और मिठाई का भोग अर्पित किया गया। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
मंदिर के महंत पंडित धनीराम मिश्रा ने बताया कि भगवान भोलेनाथ एक लोटा जल अर्पित करने मात्र से प्रसन्न होकर अपने भक्तों का कल्याण करते हैं। उन्होंने कहा कि कालसर्प दोष और शनि दोष जैसे ग्रह संबंधी कष्टों की शांति के लिए भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक कर चंदन, पुष्प और फलों से श्रृंगार करने का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है।
सावन माह के द्वितीय सोमवार, प्रदोष एवं शिवतेरस के अवसर पर योगिता रस्तोगी एवं उनके परिवार द्वारा भगवान लिंगेश्वर नाथ महादेव का फूलों और फलों से आकर्षक श्रृंगार किया गया। मंदिर में सुबह से ही शिवभक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, फल और पुष्प अर्पित कर अभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर राजकुमार सिंह सेंगर, रवि रस्तोगी, प्रियांशु मिश्रा, संजय रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में शिवभक्त मौजूद रहे।

Discussion about this post