नया बदायूं, संवाददाता।
शहर में व्यापारियों के साथ हुई लाखों रुपये की चोरी की घटनाओं को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू एवं जिला महामंत्री संजीव आहूजा के नेतृत्व में व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर कोतवाल संजय सिंह से मुलाकात कर जल्द खुलासे की मांग उठाई।
प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाल को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि बीते दिनों आधा दर्जन दुकानों को चोरों ने निशाना बनाया है, जिससे व्यापारी वर्ग में भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने प्रमुख बाजारों में रात्रि गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान शहर कोतवाल संजय सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार कार्य कर रही हैं और जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। साथ ही रात्रि गश्त को और सख्त करने तथा संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई करने का भरोसा भी दिलाया।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता शोंटू ने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। वहीं जिला महामंत्री संजीव आहूजा ने कहा कि आए दिन हो रही घटनाओं से व्यापारियों में रोष है, इसलिए मजबूत रणनीति बनाकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल में कपिल कालरा, अंकुश गांधी, दीपक वर्मा, राजीव वैश्य, राजेश गुप्ता सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।

Discussion about this post