नया बदायूं , संवाददाता उसावां (बदायूं)।
थाना उसावां क्षेत्र की ग्राम पंचायत मरौरी स्थित गौशाला में एक गाय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम प्रधान आदेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार तड़के करीब तीन से चार बजे के बीच गांव निवासी अंकित यादव दीवार फांदकर गौशाला में घुसा और जहरीली रोटी खिलाकर एक गाय को मार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
ग्राम प्रधान का कहना है कि आरोपी इससे पहले भी कई बार गौशाला की दीवार फांदकर अंदर घुस चुका है और गौसेवकों के साथ अभद्र व्यवहार तथा गाली-गलौज कर चुका है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद थाना उसावां पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन कुछ ही देर बाद बिना किसी कार्रवाई के छोड़ दिए जाने का आरोप लगाते हुए ब्लॉक म्याऊं क्षेत्र के करीब एक दर्जन ग्राम प्रधानों ने नाराजगी जताई है। प्रधानों ने दोषी के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञानवीर सिंह ने मृत गाय का पोस्टमार्टम कराया है। साथ ही विसरा (सैंपल) जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और विसरा रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में आक्रोश बना हुआ है।

Discussion about this post