नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद में शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का गुस्सा गुरुवार को फूट पड़ा। संगठन ने मालवीय आवास पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन कर बीएसए और सिटी मजिस्ट्रेट को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने आरोप लगाया कि जिले में बड़ी संख्या में बिना मान्यता के अवैध स्कूल संचालित हो रहे हैं, जिन पर विभाग की नजर नहीं है। वहीं सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है, जहां सौ बच्चों पर मात्र दो शिक्षक तैनात हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
मुनाफाखोरी को प्राइवेट स्कूलों में शोषण
भाकियू चढूनी ने निजी स्कूलों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया कि अभिभावकों से हर वर्ष एडमिशन फीस, किताब-कॉपी, ड्रेस, ट्यूशन, बिल्डिंग, बिजली आदि के नाम पर मनमाने ढंग से धन वसूला जा रहा है। संगठन ने मांग की कि सभी विद्यालयों में एनसीईआरटी की समान किताबें लागू की जाएं और फीस नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मिडे मील में भ्रष्टाचार
धरने के बाद कार्यकर्ताओं ने बीएसए कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और ज्ञापन सौंपा। इसी दौरान इस्लामनगर क्षेत्र के सहायक अध्यापक लोकेश कुमार का मामला भी सामने आया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने मार्च 2024 से विद्यालय का कार्यभार संभालते हुए मिड-डे मील योजना का संचालन किया, जिसकी लगभग 4.88 लाख रुपये की लागत अब तक उन्हें प्राप्त नहीं हुई है। आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा द्वेषवश भुगतान रोका गया, जबकि शिक्षक ने अपनी सैलरी और कर्ज लेकर योजना संचालित की।
मामले में यह भी सवाल उठाया गया कि ग्राम प्रधान को दो लाख रुपये का चेक किस आधार पर जारी किया गया, जबकि उनके द्वारा योजना में कोई सहयोग नहीं किया गया। शिक्षक ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर बकाया भुगतान दिलाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। भाकियू चढूनी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
यह रहे मौजूद
धरने में यारवेंद्र यादव, अमनदीप, सोनू यादव, विवेक कुमार, अंकुर सिद्धू, पीतम सिंह, अरशद खान, इरशाद खान, अनवर, शराफत खान, महेंद्र पाल, नूरुद्दीन, सर्वेश, शरीफ अब्बासी, भगवानदास सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Discussion about this post