नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के थाना कादरचौक क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त वीर सिंह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरक्षी भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के आदेशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। मुठभेड़ में पुलिस के अनुसार, भदरौल तिराहे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी वीर सिंह के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि आरक्षी आकाश चौहान के बाएं हाथ में गोली लग गई। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, 6 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, एक एचएफ डीलक्स मोटर साइकिल बरामद की है।
जमीन विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि 15 जुलाई की रात ग्राम बखतपुर में आरोपी ने अपने भांजे आकाश की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद अपनी बहन संतोष देवी को भी गोली मार दी, जिनकी 17 जुलाई को इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। प्रारंभिक जांच में यह मामला जमीन के लेन-देन के विवाद से जुड़ा पाया गया है।
अधिकारियों के बयान
एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस मामले में फरार चल रहे इनामी अभियुक्त की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी सफलता है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी सिटी बयान
एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि पुलिस टीम ने सटीक सूचना और घेराबंदी के आधार पर यह कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान संयमित तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
अपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, आरोपी वीर सिंह के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
घेराबंदी कर की गई गिरफ्तारी
थानाध्यक्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी को उपचार के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Discussion about this post