नया बदायूं, संवाददाता।
जनहित सत्याग्रह मोर्चा एवं आशा कर्मचारी यूनियन के कार्यकर्ता मालवीय आवास पर एकत्रित हुए, इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति, भारत सरकार को डीएम बदायूं के माध्यम से अलग-अलग ज्ञापन भेजे।
यह ज्ञापन दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और नौजवानों द्वारा पेपर लीक के खिलाफ चल रहे आंदोलन के समर्थन तथा संसद मार्च के दौरान हुए दमन के विरोध में दिया गया।
मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के समय में स्थायी नौकरियां कम हो गई हैं और प्रतियोगिता काफी बढ़ गई है। ऐसे में छात्र एक बेहतर भविष्य की उम्मीद लेकर परीक्षा में बैठता है, लेकिन पेपर लीक, भर्ती में देरी और रिजल्ट में विलंब जैसी समस्याएं उसके सपनों को तोड़ देती हैं।
केंद्रीय मंत्री का मांगा इस्तीफ
वहीं, मोर्चा के अध्यक्ष चरन सिंह यादव ने कहा कि इस आंदोलन की मुख्य मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है। उनका कहना है कि लगातार हो रहे पेपर लीक और विशेष रूप से नीट परीक्षा विवाद ने छात्रों के आक्रोश को चरम पर पहुंचा दिया है।
पुलिस प्रभावित कर रही धरना
क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के डॉ. सतीश ने कहा कि प्रसिद्ध पर्यावरणविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सहित कई छात्र नेता जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे थे, लेकिन लंबे समय तक सरकार का कोई प्रतिनिधि उनसे मिलने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस द्वारा जबरन धरना स्थल से उठाने और धक्का-मुक्की करने की कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
पुलिस ने किया लाठी चार्ज
आशा यूनियन की मुनीशा देवी ने बताया कि 20 जुलाई को संसद मार्च का आह्वान किया गया था, जिसमें देशभर से हजारों छात्र-नौजवान शामिल होने पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने शांतिपूर्ण मार्च को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और अंत में लाठीचार्ज तथा आंसू गैस का प्रयोग किया गया।
आंदोलन में समर्थन
कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी आंदोलन के समर्थन में अपनी बात रखते हुए दमनात्मक कार्रवाई की न्यायिक जांच की मांग की। इस दौरान प्रेमपाल सिंह, चरन सिंह यादव, मुनीशा देवी, डॉ. सतीश, राम प्रकाश, आरके जौहरी, सीएल गौतम, एसपी सिंह, वीरेंद्र जाटव, ओमेंद्र सिंह, निर्दोष राठौर, नीलम, गिरिजा, अल्का, विनीता, राजकुमारी, रचना सहित कई लोग मौजूद रहे।

Discussion about this post