नया बदायूं, संवाददाता।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जनपद बदायूं में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी संजीवनी से कम साबित नहीं हो रही है। इस योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों को गंभीर बीमारियों के लिए निःशुल्क और बेहतर उपचार की सुविधा मिल रही है, जिससे हजारों परिवारों को आर्थिक संकट से राहत मिली है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जनपद बदायूं में अब तक कुल 8,25,345 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। वहीं, 70 वर्ष से अधिक आयु के 30,201 बुजुर्गों के भी कार्ड बनाए गए हैं, जिससे उन्हें भी इस योजना का सीधा लाभ मिल रहा है।
जनपद में 33 अस्पताल सूचीबद्ध
जनपद में योजना के अंतर्गत 19 सरकारी और 14 निजी अस्पताल, कुल मिलाकर 33 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जहां मरीजों को कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक 1,17,000 से अधिक कार्ड धारकों को इस योजना का लाभ दिया जा चुका है और सूचीबद्ध अस्पतालों को 171.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। यह आंकड़े योजना की सफलता और आमजन में इसकी बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाते हैं।
मरीजों के लिए बनी जीवनदायिनी योजना
आयुष्मान योजना के अंतर्गत कई ऐसे उदाहरण सामने आए हैं, जहां मरीजों को समय पर इलाज मिलने से उनका जीवन बच सका है। दातागंज क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा निवासी 55 वर्षीय महेश गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह इलाज नहीं करा पा रहे थे। आयुष्मान कार्ड बनवाने के बाद उन्होंने सूचीबद्ध अस्पताल में निःशुल्क उपचार कराया और अब स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। आसमा बेगम को गंभीर स्वास्थ्य समस्या के चलते तत्काल उपचार की आवश्यकता थी। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से उन्हें बेहतर अस्पताल में मुफ्त इलाज मिला, जिससे उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ हैं। ग्राम नसीरपुर निवासी अरविंद भी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। आयुष्मान योजना के तहत समय पर इलाज मिलने से उनका सफल उपचार हुआ और अब वह सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल
आयुष्मान योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते बदायूं जनपद ने बीते सात दिनों में 10,907 नए आयुष्मान कार्ड बनाकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और जमीनी स्तर पर काम कर रही टीमों के समर्पण को दर्शाती है। अधिकारियों ने इस सफलता का श्रेय आयुष्मान योजना से जुड़े समस्त कार्मिकों, चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ और संबंधित विभागों को दिया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने जनपद के पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और जरूरत पड़ने पर योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रति परिवार प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्राप्त करें। सीएमओ डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि जनपद में कार्ड बनवाने को अभियान चलाया आज रहा है। आयुष्मान भारत योजना आज बदायूं में न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा का माध्यम बन रही है, बल्कि गरीब परिवारों के लिए एक नई उम्मीद और जीवन जीने का सहारा भी बन चुकी है।

Discussion about this post