नया बदायूं, संवाददाता।
जनपद बदायूं के थाना मुसाझाग क्षेत्र के ग्राम सैजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन परिसर का मंगलवार को उच्च पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिदेशक पीएसी उत्तर प्रदेश आलोक सिंह एवं अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के साथ निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

गुणवत्ता को किया चेक
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद भवनों की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री के मानक, सुरक्षा व्यवस्था तथा कार्य की प्रगति का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, आवागमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों की भी जांच की गई।
समय से करें कार्य
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन हो।
कानून व्यवस्था की समीक्षा की
अधिकारियों ने निर्माण स्थल और आसपास की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करते हुए हर चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर 8वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक आकाश तोमर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर राहुल पाण्डेय, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि और संबंधित थाना प्रभारी मौजूद रहे।

Discussion about this post