नया बदायूं, संवाददाता।
विश्व कौशल दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तहत शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, शेखूपुर में आयोजित रोजगार संगम में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में जनपद व आसपास क्षेत्रों से आए 396 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 107 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन हुआ।
रोजगार संगम में 15 से अधिक कंपनियों ने प्रतिभाग करते हुए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और उन्हें रोजगार के अवसर प्रदान किए। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता व कौशल के अनुसार रोजगार उपलब्ध कराना और निजी क्षेत्र की कंपनियों से सीधे जोड़ना रहा। साथ ही प्रतिभागियों को करियर, कौशल विकास और रोजगार संभावनाओं को लेकर मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे आयोजन युवाओं और उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं।
इस अवसर पर आचार्य राजन मेंदीरत्ता, सुरेंद्र वार्ष्णेय (प्रधानाचार्य आईटीआई), डॉ. उदय भास्कर (प्रधानाचार्य, शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी) और सारिका सिंह (प्रधानाचार्या, शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग) सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। सभी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अन्य युवाओं को भी ऐसे कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने बताया कि रोजगार संगम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार दिलाने के साथ-साथ उद्योगों की मांग के अनुरूप दक्ष मानव संसाधन तैयार करना और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना भी है।

Discussion about this post