नया बदायूं, संवाददाता।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे पौधरोपण अभियान के अंतर्गत गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय, बदायूं में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर इन्दु शर्मा के निर्देशन में किया गया, जिसमें महाविद्यालय परिवार की सभी शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस दौरान महाविद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए, जिनमें प्रमुख रूप से अमरूद, सागौन, इमली, चांदनी एवं शहतूत के पौधे शामिल रहे। सभी पौधे “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत माताओं के सम्मान एवं उनकी स्मृति को समर्पित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देना, प्रदेश के हरित आवरण को बढ़ाना तथा कार्बन अवशोषण क्षमता में वृद्धि करना है। यह अभियान प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और सतत विकास को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। प्राचार्या प्रोफेसर इन्दु शर्मा ने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर एवं वृक्षारोपण प्रभारी इति अधिकारी व समस्त शिक्षिकाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और इस पहल को निरंतर जारी रखने की बात कही।

Discussion about this post