नया बदायूं, संवाददाता।
ग्रीष्मावकाश के बाद नए शैक्षिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर Parvati Arya Kanya Sanskrit Inter College में वैदिक हवन एवं योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम विद्यालय की प्रबंधिका डॉ. प्रतिभा मिश्रा एवं उपप्रबंधक सुरेश चंद गुप्ता के सान्निध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर दयाराम वेदपंथी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत यज्ञ संपन्न कराया और उपस्थित जनों को यज्ञ के आध्यात्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व से अवगत कराया।
वहीं, आईटीआई के प्रवक्ता गिरधारी सिंह ने छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को योग के महत्व के बारे में बताते हुए स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन को नियमित योगाभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ सहभागिता की तथा नए शैक्षिक सत्र के सफल और मंगलमय संचालन की कामना की। यज्ञ एवं योग के माध्यम से छात्राओं को भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवन दृष्टि का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आयूषी सिंह ने वैदिक भजनों की मधुर प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या अमिता आलोक ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Discussion about this post