नया बदायूं, संवाददाता।
शहर के सिटी मॉल में संचालित ‘सफायर नाइट क्लब’ का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अश्लील डांस, शराब पार्टी और लड़कियों पर नोटों की बारिश के वायरल वीडियो के बाद जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। पूरे मामले में अब जांच तेज हो गई है और जिम्मेदारों से जवाब-तलब किया जा रहा है। दोनों प्रबन्धको को नोटिस जारी किया है। प्रशासन की ओर से नोटिस के माध्यम से जबाब मांगा गया है। वहीं पुलिस भी इस मामले में जांच कर रही है।
जिला प्रशासन की ओर से सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार सिंह ने सिटी मॉल प्रबंधन और सफायर नाइट क्लब के संचालकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस में स्पष्ट रूप से पूछा गया है कि मॉल परिसर में इस तरह की गतिविधियां कैसे संचालित हो रही थीं और इसके लिए जिम्मेदार कौन है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि संबंधित पक्ष जल्द से जल्द अपना विस्तृत जवाब प्रस्तुत करें, जिसके आधार पर आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर धमाल
बताया जा रहा है कि हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें नाइट क्लब के अंदर अश्लील डांस, खुलेआम शराब पार्टी और नोटों की बारिश जैसी गतिविधियां दिखाई दे रही थीं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर नाराजगी बढ़ गई और मामला प्रशासन तक पहुंच गया।
प्रबंधक से पुलिस कर चुकी पूछताछ
प्रशासन के सख्त रुख के चलते मॉल और क्लब प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, दो दिन पहले पुलिस ने भी क्लब संचालकों को कोतवाली बुलाकर पूछताछ की थी और मामले की जानकारी जुटाई थी। जिसमें सबसे बड़ा सवाल का जबाव प्रबन्धक नहीं दे सके। वह सवाल था कि जहां नँगा नाच हो रहा था वहां छोटे छोटे बच्चे और बच्चियां थीं। इस तरह के सवालों पर प्रबंधक की बोलती बंद हो गई है।
कोतवाली पुलिस पर पहुंची शिकायत
उधर, ‘युवा मंच संगठन’ के संस्थापक ध्रुव देव गुप्ता की ओर से भी इस मामले में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में नाइट क्लब में अश्लीलता फैलाने और सामाजिक मर्यादाओं का उल्लंघन करने का आरोप लगाया गया है। इसके बाद संबंधित मामले में अलग से जांच शुरू कर दी गई है। यह शिकायत उच्चाधिकारियों से कोतवाली पुलिस के पास जांच कर कार्रवाई को पहुंच गई है।
सिस्टम पर सवाल
इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में संचालित नाइट क्लबों और मनोरंजन स्थलों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते निगरानी होती, तो इस तरह की गतिविधियों पर पहले ही रोक लगाई जा सकती थी। मनोरंजन विभाग, अगिनश्मन विभाग पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
होगी कार्रवाई
फिलहाल, प्रशासन द्वारा जवाब मिलने का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी की सुनिए
सिटी मजिस्ट्रेट सुमित कुमार सिंह का कहना है कि वीडियो वायरल हो रहा है। इसलिए जबाव मांगा गया है। सिटी मॉल व सफायर नाइट क्लब प्रबंधक से जबाव मांगा गया है। नोटिस को तामील कराया गया है। जबाव मिलने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post