नया बदायूं, संवाददाता।
बदायूं में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत चल रहे स्कूल चलो अभियान के द्वितीय चरण की शुरुआत को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता रैली एवं प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह अभियान 01 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेंदू पाठक तथा जिलाधिकारी अवनीश राय ने संयुक्त रूप से रैली को रवाना किया। सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जनपद के प्रत्येक बालक एवं बालिका को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है, ताकि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। उन्होंने शिक्षा को व्यक्ति के विकास के साथ-साथ सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की नींव बताया। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य, व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने जनपदवासियों, अभिभावकों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे इस अभियान को जनआंदोलन का रूप दें और अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इस अभियान को पूरी प्रतिबद्धता के साथ चला रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों का समय से विद्यालय में दाखिला कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने सभी उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Discussion about this post