नया बदायूं, संवाददाता।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस लाइन परिसर में ध्वजारोहण किया और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने सभी को संकल्प पत्र पढ़कर भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने, आपसी भाईचारा और बंधुता कायम रखने तथा मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों, पुलिस पेंशनरों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को पुष्पहार एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। वहीं सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को पदकचिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
1- सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक दयाराम को सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया गया।
2- निरीक्षक नागरिक पुलिस सहंसरवीर सिंह को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान किया गया।
3- उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह से सम्मानित किया गया।
4- मुख्य आरक्षी चालक राजेश बाबू को सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह मिला।
5- उपनिरीक्षक कप्तान सिंह को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा चिन्ह (रजत पदक) प्रदान किया गया।
6- मुख्य आरक्षी मिर्जा राहत जुबैर बेग को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशंसा चिन्ह (रजत पदक) से अलंकृत किया गया।
7- उपनिरीक्षक हरिभान सिंह को सराहनीय सेवाओं के लिए सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया गया।
यह रहे मौजूद
समारोह में एसपी देहात हृदेश कठेरिया, एसपी नगर अभिषेक कुमार सिंह, सीओ सिटी राहुल पाण्डेय, सीओ उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस मॉडर्न स्कूल में भी हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम
ध्वजारोहण के बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल बदायूं में भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य शैलेन्द्र बत्रा ने ध्वजारोहण किया। विद्यालय के स्टाफ एवं बच्चों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए पुरस्कार वितरित किए और उन्हें देशसेवा के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रमों की सराहना की।
अंत में एसएसपी अंकिता शर्मा ने पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य सहित जनपद और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। समारोह में उपस्थित पुलिसकर्मियों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।
