नया बदायूं

जनआरोग्य मेले में 63 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, वितरित की गईं दवाएं

 

बदायूं संवाददाता।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को ब्लॉक वजीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर के अंतर्गत ग्राम बगरैन और नौली हरनाथपुर में मुख्यमंत्री जनआरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विपिन वर्मा के निर्देशन में आयोजित मेले में चिकित्सकों ने कुल 63 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक दवाएं वितरित कीं।

ग्राम बगरैन में आयोजित स्वास्थ्य मेले में 31 मरीजों का परीक्षण किया गया। इनमें 10 मरीज बुखार से पीड़ित पाए गए, जबकि अन्य मरीज विभिन्न बीमारियों से ग्रसित थे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराईं।

वहीं, ग्राम नौली हरनाथपुर में आयोजित मेले में 32 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यहां भी चिकित्सकों ने मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं वितरित कीं।

स्वास्थ्य मेले में डॉ. अशरफ, डॉ. संजय यादव, लैब टेक्नीशियन नितिन, वार्ड बॉय सुबोध और दीपक सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।

Exit mobile version