नया बदायूं

वनगवां में शराब की दुकान से 60-70 पेटी चोरी, सेल्समैन के घर मिली अवैध बंदूक

कुंवरगांव, संवाददाता।

थाना कुंवरगांव क्षेत्र के गांव वनगवां में देशी शराब की दुकान से 60 से 70 पेटी शराब चोरी होने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह दुकान पर पहुंचे सेल्समैन को ताला गायब मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान सेल्समैन के घर से संदूक में रखी एक अवैध बंदूक मिलने की बात सामने आई। पुलिस सेल्समैन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार रात अज्ञात चोर गांव वनगवां स्थित देशी शराब की दुकान से 60 से 70 पेटी शराब चोरी कर ले गए। सोमवार सुबह जब सेल्समैन संजीव दुकान पर पहुंचा तो वहां ताला गायब मिला। इसके बाद उसने डायल 112 पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुंवरगांव थाने के एसआई प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने संदेह के आधार पर सेल्समैन संजीव से पूछताछ की। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां संदूक में रखी एक बंदूक बरामद होने की बात कही जा रही है। पुलिस संजीव को बंदूक समेत थाने ले आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस बंदूक के संबंध में भी जांच कर रही है।

थाने के बाहर जुटे संभावित प्रत्याशी

सेल्समैन को हिरासत में लिए जाने के बाद गांव की पंचायत चुनाव की राजनीति भी चर्चा में आ गई। बताया जा रहा है कि संजीव को छुड़ाने के लिए कुछ संभावित प्रत्याशी थाने के बाहर सक्रिय नजर आए। हालांकि, शराब चोरी की घटना में सेल्समैन की भूमिका को लेकर अभी कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।

इस संबंध में सीओ सिटी सुमेध मिलिंद ने बताया कि बरामद बंदूक के संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।

Exit mobile version