बदायूं, संवाददाता।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बदायूं जनपद में 12 अक्टूबर से धान खरीद शुरू हो चुकी है। जिले में 39 क्रय केंद्रों पर किसानों से धान खरीदा जा रहा है। खरीद व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में किसानों के पंजीकरण, क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं और ई-उपार्जन पोर्टल की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। महेंद्र श्रीवास्तव ने सभी केंद्रों पर जरूरी संसाधन, बोरों, उपकरणों, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एएमओ एडी शर्मा ने बताया कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य कॉमन श्रेणी के लिए 2441 रुपये और ग्रेड-ए श्रेणी के लिए 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित है। केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ शालीन व्यवहार करने, किसान मित्र ऐप डाउनलोड करने और बैंक खातों का सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि भुगतान में देरी न हो। उन्होंने शासन के निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी तरीके से धान खरीद करने पर जोर दिया। कार्यशाला में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
