सैदपुर संवाददाता।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई। सोमवार को शिविर में 30 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान एक महिला हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) की श्रेणी में मिली, जिसमें खून की कमी पाई गई। महिला को आयरन और सुक्रोज का इंजेक्शन दिया गया।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं के ब्लड, मलेरिया, ब्लड प्रेशर, पल्स, पीलिया, शुगर, एनीमिया और बुखार आदि की जांच की गई। साथ ही महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सक की सलाह के अनुसार आयरन व कैल्शियम की गोलियां समय पर लेने के लिए जागरूक किया गया।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ विपिन वर्मा ने बताया कि गर्भावस्था का पता लगते ही महिलाओं को अस्पताल पहुंचकर अपनी प्रसवपूर्व (एएनसी) जांच करानी चाहिए। इससे गर्भावस्था के शुरुआती चरण में ही किसी बीमारी या जटिलता का पता लगाया जा सकता है और समय रहते उपचार शुरू किया जा सकता है। नियमित जांच से मां और गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव है।
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक विपिन वर्मा, मरियम बी, अंजली, श्वेता सबलोक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
