बदायूं संवाददाता।
सहसवान के प्रमोद इंटर कॉलेज परिसर में मंगलवार को जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान एवं कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख विक्रान्त यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं की जानकारी देते हुए मेले का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रोजगार मेले में 14 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें 515 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार दिया, जिनमें से 223 युवाओं का चयन एवं शॉर्टलिस्ट किया गया। इस दौरान कॉलेज प्रबंधक आमोद कुमार रैण्डर, उपप्रबंधक सुरेश चन्द्र सक्सेना, प्रधानाचार्य रामसहाय बिन्द, नोडल प्रधानाचार्य सुरेन्द्र कुमार वार्ष्णेय, जिला सेवायोजन अधिकारी शशिकान्त यादव और विकासखंड परियोजना प्रबंधक अंकित यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अंकित यादव ने किया।
