बदायूं संवाददाता।
विजयदशमी (दशहरा) पर्व पर जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द कायम रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के विभिन्न स्थानों पर 21 मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे, जबकि नौ मजिस्ट्रेटों को रिजर्व में रखा गया है। विशेष आवश्यकता पड़ने पर रिजर्व मजिस्ट्रेटों को भी संबंधित स्थानों पर तैनात किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट अवनीश राय ने शहर सहित जनपद के उन सभी स्थानों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के निर्देश दिए हैं, जहां रावण दहन, रामलीला और शोभायात्राओं का आयोजन होता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहार के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
डीएम ने नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, प्रमुख मार्गों पर चूना डलवाने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को प्रमुख मार्गों पर घूम रहे निराश्रित गोवंश को संरक्षित करने के लिए पर्याप्त कैटल कैचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि कोई भी व्यक्ति आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने का प्रयास न करे। ऐसा करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। प्रिंटिंग प्रेस संचालकों को भी भड़काऊ पोस्टर और पर्चे नहीं छापने की हिदायत दी गई है। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। जनपद में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 प्रभावी होने के कारण इसके प्रावधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा दशहरा
डीएम ने स्पष्ट किया कि दशहरा पर्व परंपरागत तरीके से ही मनाया जाएगा और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने गांधी ग्राउंड स्थित रामलीला स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
