नया बदायूं

बदायूं सहित यूपी में उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ परिवारों को 1500 करोड़ रुपये की सौगात, दीपावली पर मिलेगा मुफ्त गैस सिलेंडर

 

बदायूं संवाददाता।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 1.89 करोड़ परिवारों को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने योजना के लाभार्थियों के खातों में 1500 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। इसके तहत प्रदेश की पात्र महिलाओं को दीपावली पर मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना से बदायूं जिले के 3 लाख 85 हजार 700 परिवार लाभान्वित हुए हैं।

इस अवसर पर लखनऊ में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका प्रदेशभर में लाइव प्रसारण किया गया। बदायूं शहर के ऑडिटोरियम में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। यहां बड़ी संख्या में योजना से जुड़े लाभार्थियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

लाडो डिटर्जेंट

स्थानीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता रहे। उनके साथ भाजपा नेत्री सलोनी पाठक, एडीएम प्रशासन मानवेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी सतीश चंद्र मिश्रा, गैस एजेंसी प्रतिनिधि और पूर्ति निरीक्षक मनोज कुमार ,मीनू,जितेंद्र कुमार, पुष्पेंद्र कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान सरकार की ओर से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब हर परिवार खुशहाल हो। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब परिवारों की महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाने के साथ उन्हें स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए लगातार काम कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही किसानों की खुशहाली के लिए भी सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहायता पहुंचा रही है।

उज्ज्वला योजना के तहत दीपावली पर मुफ्त गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की पहल से जिले के 3 लाख 85 हजार 700 परिवारों को लाभ मिलेगा। इससे त्योहार के अवसर पर गरीब परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ महिलाओं को रसोई के खर्च में भी सहायता मिलेगी।

Exit mobile version