बदायूं संवाददाता।
शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग ने बकाया टैक्स जमा न करने वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 11 वाहनों को सीज कर दिया। यह अभियान 29 से 31 अक्टूबर तक सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हरिओम एवं यात्री/मालकर अधिकारी अभिनव चौधरी के नेतृत्व में चलाया गया।

अभियान के दौरान दो जेसीबी और एक वैन को थाना बिनावर में बंद कराया गया, जबकि दो जेसीबी, तीन टैक्सी कार और तीन थ्री व्हीलर ऑटो को उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया। इन वाहनों से करीब पांच लाख रुपये का बकाया टैक्स सरकारी खाते में जमा कराया जाएगा।
परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर बकाया कर वाले वाहनों को चिह्नित किया और वाहन स्वामियों को नियमानुसार टैक्स जमा करने के निर्देश दिए।

एआरटीओ ने बताया कि बकाया टैक्स वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से समय पर टैक्स जमा करने और वाहनों के सभी वैधानिक दस्तावेज पूरे रखने की अपील की। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Discussion about this post