बदायूं, संवाददाता।Nayabadaun
सिविल लाइंस थाना पुलिस ने सर्राफ की गाड़ी से 79 लाख रुपये नकद और करीब 21 लाख रुपये कीमत के सोने के जेवर चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए मेरठ निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पूरी नकदी, करीब 101.68 ग्राम पीली धातु के जेवर और घटना में इस्तेमाल हुंडई वर्ना कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आरिफ अंसारी निवासी इस्लामाबाद, थाना लिसाड़ीगेट और वसीम अंसारी निवासी पुरवा अब्दुल वाली, थाना कोतवाली मेरठ हैं। मामला मुुकदमा अपराध संख्या 323/26 से संबंधित है।
पूछताछ में आरिफ ने पुलिस को बताया कि वह शेख दिलावर हुसैन सर्राफ के यहां चालक है। 10 सितंबर को वह सर्राफ के नौकर सरफराज के साथ गाड़ी से बदायूं माल देने और लेने आया था। आरोप है कि दोनों ने पहले से ही गाड़ी में रखे रुपये और जेवर चोरी करने की योजना बनाई थी।
पुलिस के अनुसार बदायूं से मेरठ लौटते समय दास कॉलेज के पास आरिफ ने बिरयानी खाने के बहाने गाड़ी खड़ी की और वसीम को बुलाकर गाड़ी में रखे रुपये व जेवर निकलवा लिए। किसी को शक न हो, इसके लिए गाड़ी का पीछे का शीशा भी तोड़ दिया गया। इसके बाद वसीम चोरी का माल लेकर बदायूं में छिप गया।
मुकदमा दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों को चोरी के रुपये और जेवर लेकर मेरठ जाते समय गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और 61(2) की बढ़ोतरी की गई है।
79 लाख नकद और सोने के जेवर बरामद
पुलिस के अनुसार वसीम के कब्जे से 500-500 रुपये के नोटों की 100 गड्डियों में 50 लाख रुपये बरामद हुए। वर्ना कार से 500-500 रुपये की 57 गड्डियां और 100-100 रुपये की पांच गड्डियों समेत 29 लाख रुपये बरामद किए गए। आरिफ के पास से कंगन, कंठी माला और सोने के छोटे-बड़े टुकड़ों समेत कुल 101.68 ग्राम पीली धातु बरामद हुई।
टीम को इनाम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने घटना के खुलासे और बरामदगी में शामिल पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। आरोपियों को रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
